कैराना। उड़नदस्ता टीम के प्रभारी जेड मजिस्ट्रेट अमित कुमार के नेतृत्व में कैराना पुलिस ने उत्तर प्रदेश-हरियाणा राज्य सीमा पर स्थित पुलिस चौकी पर हरियाणा से आने-जाने वाहनों की मॉनीटरिंग की। इस दौरान टीम ने रजिस्टर में वाहनों के नंबर, वाहनों के आने का समय व कारण, चालकों के नाम व पते तथा मोबाइल नंबर भी दर्ज किए गए। अमित कुमार ने बताया कि इसका मकसद यह है कि कैराना उपचुनाव में धनबल का प्रयोग रोका जा सके। कोतवाली प्रभारी भगवत सिंह ने बताया कि हरियाणा की और से आने वाले प्रत्येक वाहन पर पैनी नजर रखी जा रही है।
शादी समारोह में बाइक चोरी
कैराना। झिंझाना थाना क्षेत्र के ग्राम रज्जाकपुर निवासी राजबीर ने तहरीर दी कि नौ मई को वह गोगवान गांव में शादी समारोह आया हुआ था। इसी दौरान उसकी बाइक चोरी हो गई। काफी तलाश के बावजूद भी कोई सुराग नहीं लग सका। तहरी के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
ट्रक खराब होने के कारण लगा जाम
कैराना। हरियाणा की ओर से आ रहा एक ट्रक सोमवार सुबह कैराना में शहर की ओर जा रहा था। जैसे ही वह कांधला तिराहे के निकट पहुंचा, तो अचानक खराब हो गया और सड़क के बीचोंबीच ही रुक गया। ट्रक खराब होने के कारण सड़क पर आने-जाने वाले वाहन चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ी और जाम की स्थिति बनी रही। कई घंटे बाद मिस्त्री को बुलाकर ट्रक को ठीक कराया गया, जिसके बाद जाम खुल पाया और लोगों ने राहत की सांस ली।