शामली। आर्य समाज मंदिर में 27 से 29 अप्रैल तक आर्य समाज के 143 वें स्थापना दिवस पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस बार 31 कुंडीय यज्ञ के साथ ही आर्य समाज का प्रचार प्रसार करने के लिए भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
बृहस्पतिवार को धीमानपुरा स्थित आर्य समाज मंदिर में प्रेसवार्ता में प्रधान पूरन चंद आर्य ने बताया कि आर्य समाज का वार्षिकोत्सव 27 से 29 अप्रैल को धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। 27 अप्रैल को आर्य समाज का प्रचार प्रसार करने के लिए भव्य शोभायात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से निकाली जाएगी। रात्रि में युवा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। 28 अप्रैल को यज्ञ भजन एवं प्रवचन का आयोजन किया जाएगा। मध्याह्न महिला जागृति सम्मेलन तथा रात्रि में राष्ट्र रक्षा सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। रात्रि 8 बजे से 10 बजे तक भजन एवं प्रवचनों का भी आयोजन होगा। 29 अप्रैल को यज्ञ भजन एवं प्रवचन, मध्याह्न वेद एवं धर्म सम्मेलन तथा रात्रि में पर्यावरण रक्षा सम्मेलन का आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष आर्य समाज के स्थापना दिवस पर यज्ञ का आयोजन किया जाता था, लेकिन इस बार आर्य समाज के प्रचार प्रसार के लिए शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें सभी आर्य समाज से जुड़े लोग आर्य समाज के झंडे तथा बैनर हाथ में लेकर चलेंगे। इस अवसर पर रामेश्वर दयाल आर्य, गिरधारी लाल आर्य, आचार्य देवेंद्र कुमार, रामकुमार गुप्ता, दिनेश गहलोत आदि मौजूद रहे।