वाणिज्यकर विभाग का 70 वां स्थापना दिवस वाणिज्यकर कार्यालय पर मनाया गया। उद्योग बंधु, व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों, टैक्स अधिवक्ता तथा विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया।
सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे शामली में करनाल रोड स्थित कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत में वाणिज्यकर अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ ही मौजूद लोगों ने अच्छे कार्य एवं अच्छे व्यवहार की शपथ ली। इसके बाद भरो कर, रहो निडर और राजस्व में जीएसटी की भूमिका विषय पर परिचर्चा की गई। व्यापारी और उद्यमियों ने अपने तर्क पेश किए, तो वाणिज्यकर अधिकारियों ने भी जीएसटी के बारे में जानकारी दी। परिचर्चा में आईआईए शामली चैप्टर के चेयरमैन वेदप्रकाश आर्य, व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष महेशचंद बंसल, गौरी शंकर जिंदल, कांधला व्यापार मंडल के अध्यक्ष ईश्वरदयाल कंसल, पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सूर्यवीर सिंह, अधिवक्ता राजेश मिश्रा और जेके जैन एवं अन्य व्यापारी तथा अधिवक्ताओं ने विचार रखे। इसके बाद बीते वित्तीय वर्ष में सर्वाधिक टैक्स जमा करने वाले मारुति पेपर मिल के निदेशक अतुल बंसल को प्रतीक चिह्न एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डिप्टी कमिश्नर एके दोहरे और संचालन असिस्टेंट कमिश्नर एसपी मलिक ने किया। इस दौरान डिप्टी कमिश्नर एपी राय, डिप्टी कमिश्नर सत्यप्रकाश, असिस्टेंट कमिश्नर एसपी मलिक सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।