एक साल पूर्व ससुराल में मृत मिले युवक की मौत का कारण जहर आया है। विसरा रिपोर्ट के अनुसार युवक के शरीर में जहर मिला है। विसरा रिपोर्ट मिलने पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
मुजफ्फरनगर निवासी रिजवान का शव मोहल्ला हरेंद्र नगर में 29 सितंबर 2016 को पड़ा मिला था। सूचना पर पहुंचे उसके परिजनों ने मामले में रिजवान की पत्नी रूबी तथा उसके परिजनों ने रिजवान की हत्या करने का आरोप लगाया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी थी। शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका था। डाक्टरों ने विसरा प्रिजर्व कर उसको जांच के लिए आगरा भेज दिया था और प्रकरण की जांच शुरू कर दी थी। इस मामले में विसरा रिपोर्ट आई तो हत्या का कारण स्पष्ट हो सका। विसरा रिपोर्ट में रिजवान की हत्या कारण जहर आया है। पुलिस के अनुसार उसके शरीर में जहर मिला है। अब पुलिस ने इस केस में कई ओर मुख्य बिंदुओं को शामिल कर लिया है। पुलिस के अनुसार इसमें जांच की जा रही है कि रिजवान को जहर दिया गया है या फिर उसने स्वयं खाया और यदि जहर दिया गया तो किस माध्यम से रिजवान के शरीर में पहुंचाया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। विभिन्न पहलुओं पर विवेचक इस गंभीर केस की तफ्तीश में लगे हुए है। केस के विवेचक रफी परवेज के अनुसार बिसरा रिपोर्ट के अनुसार शरीर में जहर की पुष्टि हुई है, जिसके चलते मामले में कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।
परिजन बोले नहीं सुनवाई कर रही पुलिस
मृतक रिजवान के भाई इकराम ने एसपी डाक्टर अजयपाल शर्मा को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि कोतवाली पुलिस इस मामले में कार्रवाई नहीं कर रही है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी से बात की गई तो वह पीड़ित से उल्टे सबूत मांग रहे है। पीड़ित ने मामले में एसपी से कार्रवाई की मांग की है।