शहर के विभिन्न स्कूलों में सोमवार को ही श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। राधा और कृष्ण की वेशभूषा में पहुंचे बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किए। वहीं, स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भी कार्यक्रम कर बच्चों को अमर शहीदों के बारे में बताया गया।
भैंसवाल रोड स्थित गोल्डन वार्ड प ब्लिक स्कूल में सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में देश को आजादी दिलाने वाले शहीदों के बारे में जानकारी दी गई। नेताजी सुभाष चंद बोस, महात्मा गांधी, चंद्रशेखर आजाद की वीरगाथा सुनाई गई। कार्यक्रम का संचालन प्रभात कुमार ने किया। इस दौरान सचिन कुमार, ममता बालियान, अंशिका चौधरी, साक्षी, शाइन मंसूरी, भारती तोमर, बबली चौधरी आदि मौजूद रही।
सीबी गुप्ता कालोनी स्थित रॉक गोल्ड प्ले स्कूल में प्ले और नर्सरी के बच्चों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें कृष्ण वेश में पूर्वी ने प्रथम, निकुंज ने द्वितीय और आराध्या संगल तीसरे स्थान पर रही। राधा के वेश में राशि ने प्रथम, निष्कर्ष द्वितीय और आराध्या भारद्वाज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। स्कूल चेयरमैन टीना जिंदल ने बच्चों के साथ केक काटकर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई। प्रधानाचार्य अंकित गुप्ता, इंदु इस्सर, नीलम, संगीता, इंदु सचदेवा और आयुषि आदि मौजूद रहीं।
सहारनपुर रोड स्थित मेपल्स एकेडमी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर नर्सरी और यूकेजी कक्षा के बच्चे कृष्ण और राधा की ड्रेस पहनकर पहुंचे। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ, जिसमें नन्हें बच्चों ने मनमोहक नृत्य पेश किया। विभिन्न वर्गों में बच्चों ने सुंदर झांकियां सजाई। पटेल हाउस की झांकी को सर्वश्रेष्ठ मानते हुए प्रथम, आजाद हाउस ने दूसरा और भगत हाउस ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक राजेश्वर बंसल ने बच्चों को सम्मानित किया। स्कूल प्रबंधक मुकेश संगल, चेयरमैन विपिन, डायरेक्टर सोनम संगल ने बच्चों को शुभकामना दीं।
करनाल रोड स्थित बीएसएम स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर प्राइमरी विंग के बच्चों ने अध्यापिकाओं के साथ सुंदर मटकी बनाई। अधिकतर बच्चे राधा कृष्ण की वेशभूषा में पहुंचे। कक्षा तीन से 8 तक के बच्चों ने मटकी फोड़ प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया, जिसमें रजत और अंशिका ने प्रथम, तेजस और आयुषि ने द्वितीय तथा जिया व बिन्तुल हुदा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस दौरान कक्षा 9 से 12 तक के बच्चों के बीच खो-खो प्रतियोगिता भी हुई, जिसमें अरावली, विन्ध्याचल, नीलगिरि तथा शिवालिक हाउस के बच्चों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान स्कूल चेयरमैन सूर्यवीर सिंह, मैनेजर छाया सिंह और प्रधानाचार्या निर्मला मलिक ने बच्चों को जन्माष्टमी की बधाई दी। कार्यक्रम में पूनम शर्मा, मनोज मलिक, मनोज चौहान, अभिनव राणा का सहयोग रहा।