रक्षाबंधन प्रोत्साहन योजना के तहत उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों ने पांच दिनों में 12 लाख 33 हजार 36 रुपये की आय अर्जित की है। रक्षाबंधन पर एक लाख 79 हजार 61 रुपये की निशुल्क यात्रा कराई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने रक्षाबंधन पर महिलाओं को सिर्फ एक दिन के लिए छह अगस्त की रात्रि बारह बजे से लेकर सात अगस्त की रात्रि बारह बजे तक निशुल्क यात्रा का तोहफा दिया था। रक्षाबंधन पर रोडवेज के चालक और परिचालकों एवं डिपो कर्मचारियों के लिए प्रोत्साहन योजना पांच अगस्त से लेकर दस अगस्त तक लागू की थी। शामली रोडवेज डिपो में रक्षा बंधन के एक दिन के दौरान 5164 महिला यात्रियों ने एक लाख 79 हजार 617 रुपये की निशुल्क यात्रा की है। इसके अलावा 24 बसों ने पांच दिनो में 12 लाख 33 हजार 36 रुपये की आय अर्जित की है। शामली बस अड्ड़े के अधीक्षक राजेंद्र चौहान ने बताया कि छह दिवसीय रक्षाबंधन प्रोत्साहन योजना बृहस्पतिवार को समाप्त हो रही है। सिर्फ एक दिन में तीन लाख रूपये की ओर बढ़ोत्तरी होने की संभावना हैं।