शामली। मानवाधिकार सेवा संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि जिले के झोलाछाप डाक्टरों के खिलाफ कार्रवाई करने में स्वास्थ्य विभाग लापरवाही बरत रहा है। इस संबंध में संगठन का प्रतिनिधि मंडल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव से लखनऊ में मुलाकात कर शिकायत करेगा।
शनिवार को हनुमान धाम के पास एक रेस्टोरेंट में प्रेसवार्ता के दौरान राष्ट्रीय मानवाधिकार सेवा संगठन के सचिव विपुल मित्तल एवं भाजपा नेता विवेक संगल ने बताया कि संगठन की तरफ से कन्याभ्रूण हत्या व लिंग परीक्षण कराने वाले डाक्टरों के खिलाफ आवाज उठाई जा रही है। संगठन ने झोलाझाप डाक्टरों के खिलाफ कार्रवाई के लिए कार्यवाहक सीएमओ सफल कुमार से शिकायत की थी, लेकिन उन्होंने इस पर गंभीरता नहीं दिखाई। इसके अलावा बगैर लाइसेंस संचालित ब्लड बैंकों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। उन्होंने बताया कि संगठन का एक प्रतिनिधि मंडल आठ अगस्त को मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव से मिलकर जिले में स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही और समस्याओं के बारे में अवगत कराएगा। इस दौरान पुनीत द्विवेदी तथा संगठन के अ न्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
भाजपा नेता ने की सील खुलवाने की पैरवी
एकतरफ सामाजिक संगठन झोलाछाप डाक्टर और बगैर लाइसेंस चल रहे अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए आवाज उठा रहे हैं। वहीं, भाजपा नेता ऐसे लोगों की पैरवी में लगे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने पिछले दिनों दो अस्पतालों पर अनियमितता के कारण सील लगा दी थी। शनिवार दोपहर जब अस्पताल में हंगामा चल रहा था, तो एक भाजपा नेता ने स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी को कॉल करके अस्पताल पर लगी सील खोलने के लिए आग्रह किया। हालांकि अधिकारी ने उनकी बात मानने से इंकार कर दिया।