इदरीश ने मांगी कांवड़ शिविर के लिए अनुमति
कैराना (शामली)। श्रावण मास में कांवड़ियों की सेवा करने के लिए कैराना के दो मुस्लिम भाइयों ने प्रशासन से शिविर लगाने के लिए अनुमति मांगी है। दोनों भाइयों ने कहा कि उन्हें भोलों की सेवा कर आनंद की अनुभूति होती है। एसडीएम ने मामले में अनुमति दिए जाने का आश्वासन दिया है।
मोहल्ला काजी का बाग खैलकला निवासी मोहम्मद इदरीश ने मंगलवार को अपने भाई मास्टर वसीम के साथ एसडीएम से मुलाकात कर पानीपत रोड पर कांवड़ सेवा शिविर लगाने के लिए अनुमति मांगी। इदरीश ने बताया कि वह पंजाब में फेरी लगाकर कपड़ा बेचने का काम करता है। कई महीन से वह पंजाब गया हुआ था, लेकिन कांवड़ सेवा शिविर लगाने के उद्देश्य से ही वह कैराना लौट आया है। इदरीश का कहना है कि उसे तथा उसके भाई वसीम को कांवड़ियों की सेवा करने का सौभाग्य मिलेगा इससे ज्यादा पुण्य की बात नहीं है। उसका कहना है कि हर धर्म में मानव सेवा को महत्व दिया गया है। एसडीएम विजय प्रकाश तिवारी ने शिविर लगाने की अनुमति दिलाने का आश्वासन इदरीश को दिया है।