शामली बंधन बैंक के कर्मचारियों से लूट की जानकारी लेते पुलिसकर्मी।
- फोटो : SHAMLI
झिंझाना (शामली)। क्षेत्र में गांव वेदखेड़ी के गेट के निकट दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने बंधन बैंक के प्रबंधक और कर्मचारी से एक लाख 10 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिए। शाखा प्रबंधक ने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
झिंझाना में स्थित बंधन बैंक शाखा के प्रबंधक संजय सिंह और कर्मचारी विपिन कुमार बुधवार को क्षेत्र के गांवों में कलेक्शन करने गए थे। दोपहर में वे गांव मंसूरा से अलग-अलग बाइकों से झिंझाना लौट रहे थे। जब वे गांव वेदखेड़ी के गेट के निकट पहुंचे, तो पीछे से दो बाइक पर आए चार बदमाशों ने आगे बाइक लगाकर उनको रोक लिया। इसके बाद बदमाशों ने उनसे एक लाख 10 हजार रुपये व मोबाइल लूट लिए।
बंधन बैंक के एरिया मैनेजर अशोक कुमार ने बताया कि मंसूरा गांव से कलेक्शन करके झिंझाना लौटते समय चार बदमाशों ने प्रबंधक संजय सिंह से 65 हजार रुपये और विपिन से 45 हजार रुपये और दोनों से मोबाइल लूटे गए हैं। घटना की तहरीर पुलिस को दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि घटना की सूचना मिली है, जिसकी जांच पड़ताल की जा रही है।
झिंझाना में बंधन बैंक के कर्मचारियों लूट के बाद जानकारी लेते पुलिसकर्मी।- फोटो : SHAMLI