शाहजहांपुर के कलान क्षेत्र से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां उत्तराखंड से आए मौरंग भरे ट्रक में युवक का शव मिला। मजदूर ट्रक से मौरंग उतार रहे थे, तभी युवक के पैर दिखे तो मजदूरों के होश उड़ गए।
शाहजहांपुर के कलान में उत्तराखंड से आए मौरंग से भरे ट्रक में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने ट्रक चालक व हेल्पर से पूछताछ की। इसके बाद पुलिस ने पहचान न होने पर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। हैरत की बात ये है कि मौरंग के बीच शव दबा रहा। ट्रक चालक 200 किलोमीटर का सफर तय कर कलान पहुंच गया। इस बीच उसे भनक तक नहीं लगी।
विज्ञापन
यह मामला आंधीदेई गांव के पास गोकुलनगला गांव स्थित एक मौरंग-गिट्टी टाल का है। सोमवार की शाम उत्तराखंड से ट्रक चालक इम्तियाज निवासी वैस परेवा थाना जहानाबाद, पीलीभीत हेल्पर अलीम के साथ नैनीताल स्टोन क्रेशर, किच्छा से मौरंग लेकर चला। मंगलवार की सुबह करीब साढ़े पांच बजे तनु इंटरप्राइजेज के धर्मकांटा के पास पहुंचा। मजदूरों ने ट्रक से मौरंग उतारना शुरू किया।
आधा ट्रक मौरंग उतरने के बाद एक युवक का पैर दिखाई दिया। मजदूरों ने तुरंत काम बंद कर दिया और मालिक और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। चालक व हेल्पर ने जानकारी होने से इन्कार किया। प्रभारी निरीक्षक शिवदीन वर्मा ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण स्पष्ट होगा। उत्तराखंड पुलिस से भी संपर्क किया गया है।