मिर्जापुर। गंगाजल की कांंवड़ भरने ढाई घाट गया भौती गांव का युवक आक्रोश कुमार गंगा में स्नान करने के बाद संदिग्ध हालात में लापता हो गया। उसके पिता सुनील कुमार ने फर्रुखाबाद जिले के शमसाबाद थाने में तहरीर देकर पुलिस से उसकी तलाश कराने की गुहार लगाई है।
उन्होंने पुलिस को बताया कि बेटा आक्रोश गत बृहस्पतिवार की रात करीब 10 बजे अपने साथियों के साथ ढाईघाट गंगातट पर कांवड़ के लिए जल भरने गया था। उसने गंगा में अपने साथियों के साथ स्नान किया, लेकिन बाद में वह नहीं लौटा। उसके साथियों ने उसे गंगा तट के आसपास बहुत तलाश किया गया और डायल-112 पर भी सूचना दी, लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी आक्रोश का कोई पता नहीं चल सका।
सीओ कायमगंज राजेश कुमार द्विवेदी के अनुसार, युवक मिर्जापुर क्षेत्र के ढाई गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास से लापता हुआ है। परिजनों ने युवक के लापता होने के 14 घंटे बाद शाहजहांपुर की डायल 112 और पीआरबी टीम को सूचना दी। इसके बावजूद गंगा में दोनों तरफ 15-15 किमी तक स्टीमर से युवक की खोज कराई गई, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। लापता युवक की तलाश जारी है। संवाद