मदनापुर में विवाद के बाद तमंचा लेकर भागता युवक। स्रोत: वीडियो ग्रेब
शाहजहांपुर। मदनापुर के सिकंदरपुरकलां गांव में विवाद के बाद एक युवक ने दूसरे युवक पर तमंचा तान दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद पुलिस ने देर शाम आरोपी को दबोच लिया। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल हुए वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
सुरजीत ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि 14 मई की शाम गांव के ही एक व्यक्ति ने उसके साथ गाली-गलौज की थी। शुक्रवार सुबह खेत पर जाने के दौरान वही व्यक्ति ट्रैक्टर लेकर आ रहा था। उसने देखते ही उन्हें गालियां देना शुरू कर दिया। विरोध करने पर उसने फोन कर अपने परिवार के लोगों को बुला लिया।
उसके परिवार के लोग लाठी-डंडा लेकर आ गए और हाथापाई करने लगे। इस दौरान बचाने आए चाचा हरीश पर तमंचा तान दिया गया। इसके बाद आरोपी धमकी देते हुए भाग गया। पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद आरोपी अनिल माफी मांगने लगा। इंस्पेक्टर सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि आरोपी अनिल को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मदनापुर में विवाद के बाद तमंचा लेकर भागता युवक। स्रोत: वीडियो ग्रेब