शाहजहांपुर: गोली मारकर युवक की हत्या, तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज।
- फोटो : अमर उजाला
शाहजहांपुर में सोमवार की रात करीब नौ बजे होली मिलने जा रहे युवक की रुपये के लेनदेन के विवाद में गोली मारकर हत्या कर दी गई। सूचना के बाद मौके पर पहुची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना मिर्जापुर क्षेत्र के ग्राम दोषपुर थोक निवासी निवासी जोगेंद्र अपने तीन बेटे दलवीर उर्फ गोविंद (19), सुधीर (22), अनुज (16), बेटी सोनी (28) और खुशबू (14) के साथ रहते हैं। सोमवार को दलवीर ने दिनभर परिचितों के साथ रंग खेला और रात करीब नौ बजे गांव के मजरा बानपुर में होली मिलने के लिए जा रहा था। वह बानपुर पहुंचा ही था कि अचानक वहां के रहने वाले अभिजीत और उसके दो बेटों अजीत और शिवप्रसाद ने उसे घेर लिया। उसकी गोली मारकर हत्या कर दी।
घटना के बाद आरोपी मौके से भाग हो गए। दलवीर की हत्या की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पिता जोगेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी अभिजीत, अजीत और शिवप्रसाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। परिजनों ने बताया कि दलवीर ने बानपुर गांव निवासी शिवप्रसाद से रुपये उधार लिए थे। रुपये के लेनदेन को लेकर तीनों ने घेरकर दलवीर की गोली मारकर हत्या कर दी।
हालांकि कितने रुपये को लेकर विवाद चल रहा था, परिजनों की इसकी जानकारी नहीं है। मदनापुर थाना प्रभारी निरीक्षक मान बहादुर सिंह ने बताया कि युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। पिता की तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।