निगोही। कस्बा निवासी कपड़ा व्यापारी फारुख अंसारी के 28 वर्षीय पुत्र अब्दुल बारी की सोमवार को रामपुर जिले के बिलासपुर में बाइक डिवाइडर से टकरा जाने से मौत हो गई।
भाई अंसार अंसारी ने बताया कि अब्दुल बारी मुरादाबाद की एक फाइनेंस कंपनी में पिछले कई वर्ष से नौकरी करते थे। सोमवार को वह कंपनी के किसी कार्य से बिलासपुर गए। वहां से वापसी के दौरान उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा जाने की वजह से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें सीएचसी भेजा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सोमवार को देर रात शव घर आने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
अब्दुल बहन-भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके वृद्ध पिता सहित दोनों भाइयों और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों के अनुसार आठ दिन पहले ही अब्दुल का बरेली जिले के फरीदपुर क्षेत्र के भगवंतपुर गांव की एक युवती से रिश्ता पक्का हुआ था। घरवाले विवाह के पहले की रस्म पूरी करने लड़की के घर जाने वाले थे, लेकिन अब्दुल की मौत ने परिवार को झकझोर दिया। संवाद