अर्सित का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
शाहजहांपुर। थाना आरसी मिशन क्षेत्र के रौसर कोठी गांव निवासी 21 वर्षीय अर्सित बुधवार रात आंधी आने के दौरान छत से उतरते समय नीचे गिर गया। परिजनों के अनुसार, अर्सित आंगन में कपड़े सुखाने के लिए डाले गए तार के ऊपर गिरा और उसकी मौत हो गई।
अर्सित के चाचा सुनील कुमार ने बताया कि बुधवार रात भतीजा अर्सित खाना खाने के बाद गर्मी होने के चलते छत पर सो रहा था। रात करीब साढ़े 11 बजे आई आंधी-बारिश के दौरान वह छत से नीचे उतरने लगा। जीने से उसका पैर फिसला और वह सीधा आंगन में कपड़े सुखाने के लिए लगाए गए तार पर गिरा।
गर्दन तार में फंसने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी चीख सुनकर परिवार के लोग कमरे से बाहर आए। उसको लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज आए, लेकिन यहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। वह आठ भाइयों में चौथे नंबर पर था। अर्सित की मौत से उसके परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया है।