रामवीर सिंह का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
बंडा। कस्बे में 47 वर्षीय रामवीर सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव रविवार दोपहर धर्मापुर मोहल्ले की ओर जाने वाली सड़क पर लहूलुहान हालत में मिला। उनकी गर्दन, हाथ और पेट पर गहरे घाव के निशान थे।
रामवीर सिंह मूलरूप से कुलुम जुझारपुर के रहने वाले थे जो वर्तमान में बाबा चरण दास कॉलोनी में रहते थे। रामवीर रुद्रपुर में एक फैक्टरी में काम करते थे और शनिवार देर शाम अपने घर बंडा आए थे। रविवार सुबह उन्हें स्कूटी पर घूमते देखा गया था। दोपहर करीब तीन बजे राहगीरों ने उन्हें सड़क पर पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी।
उनकी स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हालत में मिली। डायल 112 पुलिस ने बंडा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रामवीर की पत्नी भगलेशा देवी, पुत्र दीपक सिंह, अरविंद सिंह और पुत्री बिट्टा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार रुद्रपुर से बंडा के लिए रवाना हो गया है। पुलिस प्रथमदृष्टया हादसा मान रही है। पुलिस के मुताबिक, तहरीर और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद