उमेश दीक्षित का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
निगोही (शाहजहांपुर)। निगोही थाना क्षेत्र के मधवामई गांव निवासी उमेश दीक्षित (34) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शुक्रवार की देर शाम उनका शव घर से एक किलोमीटर दूर खेत में पड़ा मिला। इससे त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं।
बड़े भाई प्रवेश दीक्षित ने बताया कि उमेश शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे घर से टहलने के लिए निकले थे। दोपहर बाद तक वह घर नहीं लौटे। काफी खोजबीन करने के बाद भी कोई सुराग नहीं लगा। देर शाम घर से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में भाई का शव पड़ा मिला। उसके शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं थे, लेकिन उसकी नाक से हल्का खून निकल रहा था।
शव देखते ही मृतक की पत्नी सोनी और अन्य परिजनों में चीख-पुकार मच गई। भाई दूज के त्योहार से ठीक पहले भाई की मौत की खबर सुनते ही बहनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। उमेश की मौत के बाद अब उनके छह वर्षीय बेटे अर्नव की जिम्मेदारी मां सोनी के कंधों पर आ गई है। सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि मौत का कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा।
उमेश दीक्षित का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन