बंडा। एक गांव में सोमवार को सुबह पति-पत्नी में विवाद की सूचना पर मामले का निपटारा कराने पहुंचे डायल 112 पुलिस टीम के सिपाही से युवक ने हाथापाई की। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लिया तो उसकी पत्नी ने सिपाही पर कपड़े फाड़कर छेड़खानी करने का आरोप लगाया। पुलिस दंपती को थाने लाकर उनसे पूछताछ कर रही है।
युवक गांव के किनारे बने मकान में रहता है और शराबी प्रवृत्ति का है। आए दिन किसी न किसी से उसका विवाद होता रहता है। सोमवार को वह पत्नी की पिटाई कर रहा था। इसी दौरान किसी ने डायल 112 पुलिस को सूचना दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख युवक सिपाही से हाथापाई करने लगा। इसी दौरान उसकी पत्नी ने सिपाही पर छेड़खानी करने का आरोप लगा दिया।
इस पर सिपाही ने थाने पर सूचना दी तो वहां से हल्का के दरोगा, महिला सिपाही को लेकर गांव पहुंच गए। पुलिस ने दंपती को हिरासत में ले लिया और उन्हें थाने ले आए। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार राय ने बताया कि युवक के पत्नी को पीटने की सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस टीम गांव गई थी, लेकिन उसकी पत्नी सिपाही पर छेड़खानी का निराधार आरोप लगाने लगी। उन्होंने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ शांतिभंग की धारा में कार्रवाई की जा रही है। संवाद