शाहजहांपुर में साइकिल चलातीं युवतियां। संवाद
शाहजहांपुर। स्वस्थ रहने व पर्यावरण बचाने के लिए शाहजहांपुर साइकिल क्लब से जुड़ीं युवतियों ने जागरूकता अभियान को शुरू किया है। वे साइकिल क्लब से जुड़ने के लिए महिलाओं से संपर्क साधकर प्रेरित कर रहीं हैं। उन्हें साइकिल चलाने के फायदे भी गिनाए जा रहे हैं।
कोविड-19 के बाद साइकिल को चलाने को लेकर लोग सजग हुए। उस समय कई साइकिल क्लबों का गठन हुआ। शाहजहांपुर साइकिल क्लब के अध्यक्ष गजेंद्र गंगवार की निगरानी में कौशकी, दिव्या वर्मा, वंदना, रोशनी शर्मा, नजमी खान, काजल, प्रिया यादव लोगों को साइकिल चलाने के लिए प्रेरित कर रहीं हैं।
गजेंद्र जहां पुरुषों को जागरूक करते हैं, वहीं महिला सदस्य महिलाओं से संपर्क साधती हैं। वे अपने जान-पहचान वालों के साथ ही रिश्तेदारों को भी साइकिल क्लब से जोड़ रहीं हैं। युवतियों के अनुसार, साइकिल चलाने से कई फायदे होते हैं। मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के साथ ही मन शांत रहता है। सर्दी कम होने के बाद ग्रुप में साइकिल चलाएंगी।