शाहजहांपुर में अस्पताल में भर्ती शुभम गोयल। स्रोत: परिजन
शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र के नवादा इंदेपुर निवासी शुभम गोयल को ब्याज के रुपयों के लेन-देन के विवाद में गोली मार दी गई। आरोप है कि सूदखोर ने पहले भी गोली मारने की धमकी दी थी। घायल युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मयंक गोयल ने चौक कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 24 नवंबर की रात को उनका छोटा भाई शुभम गोयल रुपयों की बातचीत करने को प्रशांत गुप्ता के घर गया था। वहां प्रशांत ने मयंक द्वारा उधारी के रुपयों में से 15 हजार रुपये देने पर शुभम के साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर प्रशांत लाइसेंसी रायफल से जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। गोली शुभम की बायीं कलाई व कमर के पास लगी।
सूचना पर परिजन उसे लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां से रेफर करने पर निजी अस्पताल ले गए। पुलिस ने प्रशांत गुप्ता, उसकी पत्नी मीनू व नौकर गप्पू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मयंक ने बताया कि कारोबार के सिलसिले में आरोपियों से पांच लाख रुपये ब्याज पर लिए थे। ब्याज के रुपयों को लेकर आरोपी पहले भी अभद्रता कर चुका है। माता-पिता, पत्नी और बहनोई के सामने जान से मारने की धमकी दी थी। इंस्पेक्टर राजीव तोमर ने बताया कि आरोपी मकान में ताला लगाकर भाग गए हैं। उनकी तलाश की जा रही है।