शाहजहांपुर। मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र के सहमापुर गांव निवासी शंभू (32) की शुक्रवार रात मदनापुर थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव के पास किसी वाहन की टक्कर लगने से मौत हो गई। हादसे के चलते त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं।
दीनदयाल ने बताया कि बड़े भाई शंभू शुक्रवार की रात खैरपुर में लगा रामलीला मेला देखने के लिए जा रहे थे। जैसे ही वह जलालाबाद रोड पर सलेमपुर गांव के पास पहुंचे। तभी किसी वाहन चालक ने भाई को टक्कर मार दी। हादसे में भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने से पूर्व भाई ने दम तोड़ दिया। भाई की शादी हुई थी, लेकिन उनकी पत्नी एक साल बाद ही चली गई थी। वहीं, शंभू की मौत से उनके बड़े भाई रामऔतार, सबसे छोटा भाई दीनदयाल, बहन अंगूरा, सुखदेवी, राजकुमारी, किरन, सुमन का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया है।
सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि तहरीर प्राप्त होने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। हादसा किस वाहन से हुआ इसकी जानकारी की जा रही है। संवाद