शाहजहांपुर के रोजा में शराबी युवक ने रविवार को ऐसा कदम उठाया, जिससे उसकी जान पर बन आई। शराब के लिए रुपये नहीं मिलने पर उसने अपने सिर में कील ठोंक ली, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
शाहजहांपुर के रोजा थाना क्षेत्र के आईटीआई कॉलोनी निवासी विशाल उर्फ विक्की ने शराब के लिए रुपये नहीं मिलने पर अपने सिर में कील ठोंक ली। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
विज्ञापन
परिजनों के मुताबिक विशाल नशे का आदी है। कामकाज नहीं करने के चलते अपनी मां से ही रुपये मांगता है। बताते हैं कि रविवार दोपहर वह शराब के नशे में अपनी मां के पास आया। उसने शराब पीने के लिए रुपये मांगना शुरू कर दिया। मां के इन्कार करने पर गुस्सा गया।
उसने अपने सिर में जूते में लगाई जाने वाली लोहे की कील ठोंक ली। दर्द से कराहता देखकर मां ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा। जहां डॉक्टरों ने सिर में लगी कील निकाल दी। इंस्पेक्टर राजीव सिंह ने बताया कि मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।