शाहजहांपुर के जलालाबाद थाना क्षेत्र में एक युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। उसकी बहन ने बताया कि भाई की रात में भाभी से कहासुनी हुई थी। इसके बाद भाई की मौत हो गई।
शाहजहांपुर के जलालाबाद थाना क्षेत्र के टापर गांव निवासी 25 वर्षीय अजीत की सोमवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उनका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस की पूछताछ में परिजनों ने बताया कि अजीत की उनकी पत्नी से किसी बात पर कहासुनी हो गई थी। इसके थोड़ी देर बाद यह घटना हो गई।
विज्ञापन
बहन शानू ने बताया कि भाई अजीत की शादी तकरीबन एक साल पूर्व भारती के साथ हुई थी। सोमवार की रात भाई की भाभी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद भाभी ने भाई की बात अपने मायके वालों से कराई। भाई नाराज होकर कमरे में गए और अंदर से कुंडी लगा ली और फंदे से लटककर अपनी जान दे दी।
तीन बहनों में इकलौता भाई था अजीत
काफी देर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं आए तब उनकी चिंता हुई। दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। दराज से अंदर झांका तो भाई का शव फंदे से लटका हुआ था। यह देख उनके होश उड़ गए। तीन बहनों में भाई इकलौते थे।
विज्ञापन
अपराध इंस्पेक्टर रविशंकर ने बताया कि सूचना पर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है। अभी तक की पूछताछ में यह पता चला है कि पति व पत्नी के बीच कहासुनी के बाद यह घटना हुई।