तिलहर (शाहजहांपुर)। ग्राम समाज की आधा बीघा जमीन को लेकर विवाद के चलते विरोधी पक्ष के लोगों ने रजुआपुर (राजूपुर) गांव के युवक की बंदूक की बट से पीट-पीटकर हत्या कर दी। हमलावरों की पिटाई से युवक का भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि हमलावरों ने घर में लूटपाट और दहशत फैलाने के लिए खुलेआम फायरिंग की। मामले में 17 लोगों के खिलाफ हत्या, बलवा और लूटपाट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, जिसमें 14 लोग नामजद हैं।
सनसनीखेज वारदात मंगलवार सुबह लगभग छह बजे रजुआपुर गांव में हुई। रजुआपुर के राजीव वर्मा (37) अपने घर के दरवाजे पर अलाव जलाकर सेंक रहे थे। भतीजी सरिता ने बताया कि वह उसका भाई अवधेश और छोटी बहन व अन्य बच्चे घर में थे। तभी पड़ोस के गांव खिरिया माल निवासी प्रतिपाल सिंह के परिवार के एक दर्जन से अधिक लोग हाथों में असलाह लिए घर में घुस आए। इसके बाद उन्होंने लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर अवधेश को बंदूक की बट से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावरों ने अवधेश के चाचा राजीव वर्मा को पीटा और खींचकर घर से काफी दूर ले गए। वहां भी बंदूक की बट से राजीव को पीटा गया, जिससे वह बेसुध हो गए। इस दौरान हमलावरों ने जमकर फायरिंग की, जिससे परिजन और ग्रामीण नजदीक नहीं जा सके। इसके बाद राजीव को छोड़कर भाग गए। परिजन घायल राजीव और अवधेश को एंबुलेंस में जिला अस्पताल ले गए। जहां राजीव को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि अवधेश की हालत गंभीर बताई जाती है। राजीव वर्मा की भाभी जगदेई ने बताया कि पिछले साल पड़ोस के गांव खिरिया माल निवासी प्रतिपाल फौजी के बेटा कल्लू ने जमीन खरीदी थी। उसके साथ प्रतिपाल ने आधा बीघा ग्राम समाज की जमीन पर कब्जा कर रखा है। राजीव ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जा करने का विरोध करते थे। इसको लेकर विरोधी रंजिश मानने लगे थे।
इसको लेकर कई बार झगड़ा भी हुआ था, जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच दो मुकदमे चल रहे हैं। इधर, सूचना पर पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद रिपोर्ट दर्ज की। इंस्पेक्टर दीपक शुक्ला ने बताया कि जमीन के विवाद के चलते घटना हुई है। घायल अवधेश की तरफ दी गई तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तार के लिए दबिश दी जा रही है।