पुवायां के गांव कलंदरगंज के पंकज कुमार का फाइल फोटो। स्रोत : परिजन
निगोही रोड पर हुई घटना, ट्रक मौके पर छोड़कर चालक भाग निकला
संवाद न्यूज एजेंसी
पुवायां। ट्रक और बाइक टकराने से गांव कलंदरगंज निवासी 30 वर्षीय पंकज कुमार की मौत हो गई। पंकज बाइक से गांवों में कपड़े की फेरी लगाने का काम करते थे। हादसे के समय वह हेलमेट नहीं लगाए थे।
पंकज बाइक से पुवायां निगोही रोड पर जा रहे थे। गांव जठियापुर के पास एक ट्रक की टक्कर बाइक में लग जाने से पंकज गंभीर घायल हो गए। चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। परिजन पंकज को पुवायां सीएचसी लाए। प्राथमिक उपचार के बाद पंकज को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। परिजन निजी वाहन से पंकज को शाहजहांपुर ले जा रहे थे, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव को घर ले आए।
पंकज के पिता हरिपाल ने चालक पर ट्रक को तेज गति और लापरवाही से चलाने का आरोप लगाते हुए ट्रक नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ तहरीर दी है। पंकज की मौत से पिता हरिपाल, मां शिवदेई, पत्नी रीता, पुत्री दिव्यांशी नौ वर्ष, अनन्या का रो रोकर बुरा हाल है। पंकज की पत्नी ने चार माह पूर्व ही पुत्र दिव्यांश को जन्म दिया था। थाना प्रभारी आरके रावत ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।