शाहजहांपुर। स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज में संचालित इग्नू अध्ययन केंद्र में सत्र 2026 के प्रवेश प्रारंभ हो गए हैं। इग्नू क्षेत्रीय केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय सत्र जनवरी-2026 में ऑनलाइन एवं ओडीएल विधा में स्नातक परास्नातक, डिप्लोमा, परास्नातक डिप्लोमा कार्यक्रमों में प्रवेश एवं रि-रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि विस्तारित कर 15 फरवरी निर्धारित की गई है।
समन्वयक डॉ. प्रभात शुक्ल ने बताया कि इग्नू में वर्ष में दो बार जनवरी एवं जुलाई सत्र में प्रवेश होते हैं। इग्नू अध्ययन केंद्र पर संचालित विभिन्न रोजगारपरक पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन प्रवेश प्रारंभ हैं। प्रवेश के लिए आवेदकों को डीईबी आईडी बनानी होगी, क्योंकि आवेदन जमा करने के लिए यह अनिवार्य रहेगी। इसके अतिरिक्त आवेदकों को शैक्षिक योग्यता तथा अनुभव प्रमाण-पत्र एवं अनुसूचित जाति तथा अनुसूचित जनजाति के लिए जाति प्रमाणपत्र की प्रतियों के साथ एक स्कैन की गई फोटो और हस्ताक्षर भी अपलोड करने होंगे।
डॉ. प्रभात ने बताया कि छात्र-छात्राओं को पाठ्य सामग्री (पुस्तकें) इग्नू की ओर से निशुल्क प्रदान की जाएंगी। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के लोगों का बीए, बीकॉम में प्रवेश प्रोसेसिंग फीस के साथ मात्र 50 प्रतिशत शुल्क में हो रहा है। इग्नू में प्रवेश के लिए टीसी या माइग्रेशन को आवश्यकता नहीं होती है।