ननिहाल में हुई घटना, परिवार में मचा कोहराम, किया गया अंतिम संस्कार
नाना के घर एक डेढ़ वर्ष के बालक ने धोखे से डीजल पी लिया। जिससे बालक की हालत गंभीर हो गई। इलाज के दौरान रविवार को उसने दम तोड़ दिया। इससे बालक के घर और ननिहाल में कोहराम मच गया है।
पुवायां के गांव काेंप निवासी शानू का डेढ़ वर्षीय पुत्र गुड्डू अपनी मां नीलेश के साथ नाना जगदीश शर्मा के घर खुटार के गांव नवदिया बढ़ई आया था। शनिवार को गुड्डू घर के बाहर खेल रहा था। इस दौरान उसने पंपिग सेट की डीजल वाली नली को निकालकर मुंह में रख लिया, जिससे डीजल उसके पेट में चला गया। कुछ देर बाद गुड्डू की हालत बिगड़ने पर ननिहाल के लोग गुड्डू को लेकर जोगराजपुर गए और एक डॉक्टर के यहां भर्ती कराया।
रविवार को इलाज के दौरान गुड्डूू ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर ननिहाल और गुड्डू के घर काेंप में कोहराम मच गया। बाद में शव को कोंप लाकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। बच्चे की अचानक हुई मौत से मां नीलेश और पिता शानू का रो- रोकर बुरा हाल है।