मीरानपुर कटरा में श्रीरामलीला मेला मैदान में आयोजित एकता विराट कुश्ती दंगल में मुकाबला करते पहल
मीरानपुर कटरा। श्री राम लीला समिति की ओर से मेला मैदान पर आयोजित एकता विराट कुश्ती दंगल में शनिवार को कई पहलवानों ने अपने दांव-पेचों से दर्शकों का दिल जीत लिया।
देर शाम तक चले दंगल में कई रोमांचक मुकाबले हुए। कलियर शरीफ सहारनपुर के राजा कुरैशी ने दस मिनट के कड़े मुकाबले में हरियाणा के सोनू को चित कर दिया। अयोध्या के बाबा रवि शंकर दास ने पंजाब के मोनू को हराया तो दर्शकों ने नकद इनामों की बौछार लगा दी।
इसी तरह कलियर शरीफ के जुनैद ने पंजाब के रॉकी को मात दी तो तालियां गूंज उठीं। पंजाब के बिल्ला का कलियर शरीफ के राजा से मुकाबला बराबरी पर छूटा, फिर भी दोनों पहलवानों को काफी नकद इनाम मिला। हिमाचल प्रदेश के बाबा लाहिड़ी और मुकेश सिंह की रोमांचक कुश्ती दिखाने के लिए मेला कमेटी ने पुरस्कृत किया। दंगल में पूर्व विधायक वीरेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना, पूर्व चेयरमैन सुरेन्द्र प्रकाश गुप्ता, पूर्व ब्लॉक प्रमुख नरेंद्र गुप्ता लल्ला समेत मेला कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे। संवाद