खुटार। ट्रक की टक्कर से घायल गांव बिजौरा बिजौरिया निवासी 35 वर्षीय जितेंद्र कुमार ने इलाज के लिए ले जाते समय दम तोड़ दिया।
जितेंद्र के भाई मंजीत ने बताया कि उनका भाई रविवार रात साढ़े दस बजे गांव के ही राकेश के साथ किसी काम से मंझरिया पुल के पास गया था। वापस घर आते समय पीछे से आ रहे ट्रक की टक्कर लग जाने से जितेंद्र गंभीर घायल हो गए। चालक ट्रक सहित भाग निकला। राकेश के जानकारी देने पर परिजन और ग्रामीण जितेंद्र को खुटार सीएचसी लाए थे। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद जितेंद्र को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया था।
रात लगभग ढाई बजे मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया गया । भूमिहीन जितेंद्र मजदूरी कर परिवार की गुजर करते थे। जितेंद्र की मौत से मां पार्वती देवी सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आय को कोई साधन न होने से पत्नी लाली देवी, छह बच्चे गायत्री, अजय, विजय, शिवानी, अक्षय, कोमल के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद