शाहजहांपुर में शाह क्लब में मैच के समापन पर विजेता टीम को सम्मानित करते एडीएम रजनीश मिश्रा। संव
शाहजहांपुर। शाहजहांपुर क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित शहीद कप महिला क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रविवार को खेला गया। इसमें मनीष क्रिकेट अकादमी बरेली की टीम ने शाहजहांपुर को 60 रनों से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। विजेताओं को एडीएम प्रशासन रजनीश मिश्रा ने पुरस्कृत किया।
शाह क्लब के मैदान पर टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए बरेली की टीम ने निर्धारित 30 ओवर में तीन विकेट खोकर 233 रन बनाए। लक्ष्मी ने 60, मीनाक्षी ने 58 और ईशा खान ने 34 रनों का योगदान दिया। शाहजहांपुर की ओर से वैष्णवी, रित्विका और वृद्धि ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी शाहजहांपुर की टीम निर्धारित 30 ओवर में छह विकेट पर 173 रन ही बना सकी। शिवा यादव ने 46, अक्षिता ने 29 और संध्या ने 21 रन बनाए। बरेली की ओर से गार्गी और छवि ने एक-एक विकेट लिया।
मीनाक्षी यादव को मैन ऑफ द मैच और लक्ष्मी को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। रित्विका खन्ना को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज और मीनाक्षी को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार मिला। मैच में अंपायर की भूमिका मयंक शर्मा और आर्यन ने निभाई। एसोसिएशन के कोऑर्डिनेटर डॉ. मनोज यादव, अभय सिंह गुर्जर, नूर आलम और गगन खन्ना मौजूद रहे।
मैच निरस्त
शाहजहांपुर। कैंट स्थित मैदान पर होने वाला वेटरन क्रिकेट का मैच निरस्त कर दिया गया। आयोजक मनोज यादव के अनुसार, दूसरी टीम के नहीं आने के कारण मैच नहीं हो सका। संवाद