कलान में दुकानों पर प्रशासन के ताले डालने के दौरान लगी भीड़। स्रोत: जागरूक पाठक
कलान (शाहजहांपुर)। दुकानाें पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए पाइपलाइन कॉलोनी की पांच महिलाएं ओवरहेड टैंक पर चढ़ गईं। उन्होंने चेतावनी दी कि उन्हें जबरन उतारा गया तो आत्महत्या कर लेंगी। सूचना पर सीओ जलालाबाद और नायब तहसीलदार पहुंचे और आश्वासन देकर सात घंटे के बाद नीचे उतारा।
मोहल्ला गंगानगर निवासी सत्यदेव की पत्नी गुड्डी, बेटी शिखा व रागिनी, मोर सिंह की पत्नी शकुंतला व कृष्णा सुबह ओवरहेड टैंक पर चढ़ गईं। उनके पानी की टंकी पर चढ़ने पर भीड़ लग गई। सूचना पर इंस्पेक्टर प्रभाष कुमार भी मौके पर पहुंचे और वार्ता की। महिलाओं ने आरोप लगाया कि उनकी जमीन पर बनी दुकानों पर एक व्यक्ति ने कब्जा कर लिया है। जमीन का बैनामा भी करा लिया है और दुकानों पर ताले डाल दिए हैं।
इंस्पेक्टर ने समझाकर उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह राजी नहीं हुईं। सूचना पर सीओ अजय राय व नायब तहसीलदार सगीर अहमद पहुंचे। उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन देकर सात घंटे के बाद सभी को नीचे उतारा।
थानाध्यक्ष प्रभाष चंद्र ने बताया कि दो लोगों के बीच जमीन का विवाद था। एक के ताले पड़े थे। दूसरे का बैनामा था। उसी जमीन के विवाद को लेकर कुछ महिलाएं ओवरहेड टैंक पर चढ़ गईं। अब प्रशासन के ताले डाल दिए गए हैं और धारा 145 की रिपोर्ट भेज दी गई है।
कागज नहीं दिखा सकीं
महिलाओं से जमीन के कागज मांगे गए तो वह दिखाने में असमर्थ दिखीं। महिलाएं मौखिक तौर पर अपनी जगह और कब्जे की बात कह रहीं थी। उनके ओवरहेड टैंक से उतरने के बाद पुलिस ने सपा नेता पर संदेह जताते हुए तलाश शुरू की, लेकिन वह भी भाग गया।
कलान में दुकानों पर प्रशासन के ताले डालने के दौरान लगी भीड़। स्रोत: जागरूक पाठक
कलान में दुकानों पर प्रशासन के ताले डालने के दौरान लगी भीड़। स्रोत: जागरूक पाठक