रेलवे स्टेशन की प्लेटफार्म संख्या एक पर जम्मूतवी सियालदाह एक्सप्रेस जैसे ही आकर रुकी कई पुरुष, महिला बोगी में घुस गए। इस पर महिलाओं ने हंगामा करना शुरू कर दिया। इसकी सूचना एक रेलयात्री ने जीआरपी को दी। हालांकि जीआरपी के पहुंचने से पहले ही ट्रेन स्टेशन से चल दी।
बृहस्पतिवार दोपहर 02:06 बजे जम्मूतवी सियालदाह एक्सप्रेस स्टेशन की प्लेटफार्म संख्या एक पर रुकी। इसी दौरान कुछ पुरुष यात्री महिला कोच में चढ़ने लगे। अंदर बैठीं महिला यात्रियों ने जब इसका विरोध किया तो बोगी में चढ़ रहे पुरुष यात्री अंदर पहले से पुरुषों के बैठे होने की बात कहने लगे। तकरार बढ़ने पर महिलाओं ने जीआरपी से शिकायत कर दी। मामला बढ़ता देख पुरुष यात्रियों ने महिला कोच से उतरने में ही भलाई समझी।
जनरल बोगी में यात्रियों के बीच हुई मारपीट
अपलाइन की सियालदाह एक्सप्रेस की जनरल बोगी में चढ़ने को लेकर यात्रियों में मारपीट हो गई। इसकी सूचना किसी ने कंट्रोल रूम को दी। कंट्रोल रूम से मिली सूचना के आधार पर जीआरपी थाना के प्रभारी एसओ अजय शर्मा मौके पर पहुंचे। इस पर जीआरपी ने हंगामा काट रहे लोगों को शांत किया। साथ ही भीड़ अधिक होने की वजह से बोगी में अंदर फंसे दो रेल यात्रियों को बमुश्किल बाहर निकाला जा सका।