शाहजहांपुर। महिलाएं अब सिलाई-कढ़ाई के हुनर से आत्मनिर्भर बन रही हैं। उद्योग विभाग की ओर से संचालित विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत महिलाओं को प्रशिक्षण देने के साथ सिलाई मशीनें और अन्य जरूरी उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। हाल ही में करीब 600 महिलाओं को सिलाई मशीनें और किट प्रदान की गई हैं।
योजना के तहत दर्जी ट्रेड में प्रशिक्षण के लिए करीब चार हजार आवेदन उद्योग केंद्र को प्राप्त हुए थे। ऑनलाइन आवेदन के बाद चरणबद्ध तरीके से अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया। इस दौरान उनसे कपड़ों की सिलाई से संबंधित जानकारी ली गई। चयन प्रक्रिया के बाद कुल 1050 अभ्यर्थियों का चयन किया गया, जिनमें करीब 600 महिलाएं शामिल थीं।
चयनित महिलाओं को दस दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। इसके बाद पांच हजार रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से उनके खातों में भेजी गई। साथ ही मोटर चालित सिलाई मशीन, प्रेस और सिलाई के अन्य जरूरी उपकरण उपलब्ध कराए गए।
उद्योग केंद्र के सहायक विकास अधिकारी अरुण पांडेय ने बताया कि महिलाओं ने इन उपकरणों की मदद से अपना काम शुरू कर दिया है। योजना का उद्देश्य महिलाओं को हुनरमंद बनाकर स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।