शाहजहांपुर। बच्चों को टीका नहीं लगवाने वाले परिवारों के बच्चों के वैक्सीनेशन का विशेष अभियान मंगलवार से शुरू नहीं हो सका। बारिश के चलते अभियान को स्थगित करते हुए मौसम खुलने पर शुरू करने का निर्णय लिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभियान चलाकर बच्चों को कई बीमारियों से बचाने के लिए टीके लगाए जाते हैं। जनपद में करीब साढ़े तीन सौ से चार सौ सत्र व शहरी क्षेत्र में करीब 40 सत्रों में टीके लगाए जाते हैं।
मोहल्लों में सुविधा देने के बावजूद लोग बच्चों को टीका लगवाने से गुरेज करते हैं। ऐसे लोगों को चिह्नित कर सूचीबद्ध किया गया है। सीडीओ के निर्देश पर ऐसे झिझक करने वाले परिवारों को मनाकर उनके बच्चों को टीका लगाने की 13 विभागाें को जिम्मेदारी दी गई है। ये लोग परिवारों से संपर्क कर वार्ड के पार्षद, कोटेदार और गण्यमान्य व्यक्तियों की मदद से टीकाकरण कराएंगे।
मंगलवार से तीन दिवसीय अभियान शुरू होना था, लेकिन बारिश के कारण स्थगित कर दिया गया। एसीएमओ डॉ.पीपी श्रीवास्तव ने बताया कि टीकाकरण के लिए पांच टीमों को लगाया है। मौसम ठीक होने पर माइक्रोप्लान के तहत अभियान चलाया जाएगा। संवाद