तिलहर। पुरायूं गांव में बुधवार को सुबह चाय बनाने के लिए रसोई में गईं राम सिंह की 50 वर्षीय पत्नी सुनीता के हाथ में सांप ने डस लिया। कुछ ही देर में उनकी हालत बिगड़ने से वह बेहोश हो गईं। घबराए परिजन पहले उन्हें झाड़-फूंक कराने ले गए, लेकिन कोई लाभ होने के बजाय हालत चिंताजनक हो गई। बाद में उन्हें लेकर उनके घरवाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, लेकिन वहां से राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किए जाने कुछ देर बाद एंबुलेंस में ही उनकी मौत हो गई।
घरवालों के अनुसार झाड़-फूंक से लाभ नहीं होने पर वह सुनीता को सीएचसी पर ले जाने से पहले एक हकीम के पास भी ले गए थे। वहां कोई सुधार नहीं होने पर हकीम के कहने पर ही सुनीता को सीएचसी ले जाया गया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। सीएचसी से रेफर किए जाने पर सुनीता की एंबुलेंस में बिठाते ही मौत हो गई। पति समेत पुत्र अभि और रोहित, पुत्री साक्षी आदि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजन बगैर पोस्टमॉर्टम कराए शव को घर ले गए। संवाद