जलालाबाद। शादी के तीन दिन बाद ही नयागांव गुलड़िया निवासी शंकर लाल की ब्याहता पत्नी ससुराल से जेवर लेकर मायके चली गई। अब पति के साथ रहने के लिए तैयार नहीं है।
शंकर लाल ने बताया कि उनकी उम्र 40 वर्ष हो जाने पर भी शादी नहीं हो सकी। अल्हागंज के गांव कनारी निवासी एक रिश्तेदार ने उन्हें एक महिला से शादी कराने की बात कहकर एक लाख रुपये खर्च बताया। रिश्तेदार के झांसे में आकर अपना खेत बेच दिया। एक लाख रुपये खर्च करके गत नौ सितंबर को रिश्तेदार ने एक अन्य व्यक्ति से मिलकर हरदोई के माधौगंज की रहने वाली महिला से उनकी शादी करा दी। गत 12 सितंबर को शादी कराने वाले दोनों लोग उसके घर आए और महिला को उसके मायके भेजने की बात कहकर अपने साथ ले गए।
महिला उनके घर के सभी जेवर भी अपने साथ ले गई। गत 15 सितंबर को वह पत्नी की विदा कराने ससुराल पहुंचे, लेकिन उसके माता-पिता ने बेटी को भेजने से साफ मना कर दिया। जानकारी करने पर पता लगा कि रिश्तेदार समेत दोनों व्यक्ति इस महिला की शादी पहले भी कई जगह कराकर रुपये, जेवर आदि ठग चुके हैं। सीओ दीपक सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।