शाहजहांपुर। हाईवे से पाकड़ चौकी की ओर जाने वाले मार्ग पर जमीन के विवाद के चलते दंपती से मारपीट की गई। आरोप है कि चौक कोतवाली में तहरीर देने जाने पर पति को हवालात में बैठा दिया गया।
थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के गांव मिश्रीपुर निवासी शमसुल निशा पत्नी जावेद रजा खां ने एसपी को प्रार्थनापत्र भेजा है। इसमें बताया कि 22 अक्तूबर को नवादा इंदेपुर में स्थित भूमि पर कुछ लोग फसल काट रहे थे। सूचना पर पति ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताया। इस बीच उनके साथ मारपीट की गई। वीडियो बना रहे जावेद का मोबाइल तोड़ दिया।
घटना के बाद जावेद और शमसुल निशा ने चौक कोतवाली जाकर घटना की तहरीर दी। आरोप है कि पुलिस ने जावेद को हवालात में बैठा लिया। पाकड़ चौकी पर तैनात एक दरोगा ने मोबाइल खुद से ठीक कराने की सलाह दी। सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों की ओर से तहरीर आई है। रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई की जाएगी। संवाद