रोजा पुलिस की गिरफ्त में ठगी के तीन आरोपी। स्रोत: पुलिस
रोजा (शाहजहांपुर)। पुलिस ने तंत्र-मंत्र और बुरे साये का डर दिखाकर महिला के जेवर चोरी करने के आरोपी अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस टीम ने गुर्री नहर के पास नेकनामपुर गांव की ओर जाने वाले मार्ग से तीन लोगों को गिरफ्तार किया। चौथा साथी मौका पाकर भाग गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दूसरी वारदात के लिए योजना बना रहे थे।
सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि पकड़े गए लोगों में रायबरेली जिले के थाना बछरावां क्षेत्र के पटेल नगर निवासी आरिफ अली, मोहम्मद इजराइल व मोहम्मद कलीम हैं। उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, एक बिना नंबर प्लेट की कार और रायबरेली की नंबर प्लेट लगी एक बाइक बरामद की गई है।
इन्हीं लोगों ने 25 जुलाई को गांव गुर्री निवासी गीता देवी के साथ घटना की थी। गीता देवी फकरगंज निवासी अपनी परिचित रेनू के साथ घर लौट रहीं थीं। रास्ते में उन लोगों ने घर पर बुरा साया होने की बात कहकर उन्हें भ्रमित कर दिया था। साथ ही उनके घर पहुंचकर झांसा दिया। मुंह पर रुमाल झाड़कर गीता देवी को अचेत कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण लेकर भाग गए। आरोपी मोहर्रम अली की तलाश में टीम लगा दी गई है। कलीम पर पांच मुकदमे दर्ज हैं।
पूछताछ में सभी ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन उन्हें दो महिलाएं मिली थीं। उसी समय मोहर्रम पल्सर बाइक से आया और उन महिलाओं को धर्म संबंधी बातें बताकर अपने विश्वास में ले लिया था। महिलाएं पूजा-पाठ कराने के लिए अपने घर ले गईं। आरिफ दोनों महिलाओं के साथ ऑटो में बैठकर गीता देवी के घर गया था। धार्मिक बातों में उलझाकर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए।