रोजा। बिलंदापुर गौटिया गांव निवासी ट्रक चालक राजकपूर की 35 वर्षीय पत्नी शेषलता की बृहस्पतिवार सुबह संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उनका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। गले में दुपट्टे का फंदा पड़ा हुआ था। मृतका के भाई ने बहन की हत्या का आरोप लगाया है।
परिजनों के अनुसार, तिलहर थाना क्षेत्र के गांव कपसेड़ा निवासी लल्लन की बहन शेषलता की शादी सात साल पूर्व राजकपूर के साथ हुई थी। कोई संतान न होने पर आए दिन पति पत्नी के बीच विवाद होता रहता था। कुछ समय से शेषलता अपने मायके में रह रही थी। मामला थाने पहुंच गया था।
दो सप्ताह पूर्व ग्राम प्रधान ने थाने में दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया था। इसके बाद वह ससुराल चली आई थी। बृहस्पतिवार सुबह शेषलता की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अंदर से बंद दरवाजा देख राजकपूर को संदेह हुआ। उसने दीवार की एक ईंट निकाल कमरे में झांका तो पत्नी का शव फंदे से लटका पाया।
थाना प्रभारी राजीव कुमार मौके पर पहुंचे। भाई लल्लन ने बहनोई व उनके परिवार के लोगों पर बहन की हत्या का आरोप लगाया। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।