शाहजहांपुर। मदनापुर थाना क्षेत्र के गांव बिनौरा निवासी ब्रजेश की 26 वर्षीय पत्नी पूनम के पेट में दर्द होने पर परिजन झोलाछाप के इलाज के लिए ले गए। आरोप है कि झोलाछाप के इंजेक्शन लगाने से महिला की मौत हो गई।
शनिवार दोपहर करीब तीन बजे पूनम के पेट में दर्द उठा। इसके बाद ब्रजेश पत्नी को पड़ोसी गांव स्थित झोलाछाप की दुकान पर ले गया। ब्रजेश के अनुसार, झोलाछाप ने पत्नी के इंजेक्शन लगाया और खाने के लिए दवा दी। इसके बाद पत्नी को ई-रिक्शा से लेकर घर के लिए चल दिए। रास्ते में तबीयत बिगड़ी और दम तोड़ दिया।
वह पत्नी को लेकर वापस झोलाछाप की दुकान पर गए, लेकिन वह भाग गया था। उसने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने बताया कि पूनम की शादी तीन साल पहले हुई थी।
उसकी एक डेढ़ साल की बेटी रिया है। जिसकी जिम्मेदारी अब पिता ब्रजेश के कंधों पर आ गई है। इंस्पेक्टर विश्वजीत प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।