तिलहर। एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। ग्रामीण महिला की पीटकर हत्या करने का आरोप उसके पति पर लगा रहे हैं। हालांकि सोमवार देर शाम तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। पुलिस मायके वालों के आने का इंतजार कर रही है।
तिलहर कोतवाली क्षेत्र के गांव घोसवारी निवासी राजेंद्र राठौर शराब पीने का आदी है। आरोप है कि रविवार दोपहर वह नशे में धुत होकर घर पहुंचा और पत्नी पुष्पा से झगड़ने लगा। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर डंडे से पत्नी को पीटना शुरू कर दिया। उसकी चीख सुनकर परिवार के लोग बचाने पहुंचे। मगर वह पीटता रहा। पिटाई से पुष्पा बेसुध हो गई और कुछ ही देर में उसने मौके पर दम तोड़ दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि राजेंद्र और उसके परिजन ने पुष्पा के दाह संस्कार करने के लिए तैयारी कर ली थी। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
इंस्पेक्टर दीपक शुक्ला ने बताया कि पुष्पा का मायका बिहार में है। उसके मायके वालों को सूचना दे दी गई है। मायके वालों के आने के बाद तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम के बाद पुष्पा के शव को ससुरालियों को सुपुर्द कर दिया गया है। कोतवाल ने बताया कि गांव वालों ने उसके पति द्वारा लाठियों से पीट कर हत्या किए जाने की बात बताई है।