सेहरामऊ दक्षिणी। शादी के डेढ़ साल बाद महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके पक्ष के लोगों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों ने बताया कि सोमवार दोपहर नाजनीन ने अपनी मां को फोन किया था। उसने कहा था कि अम्मी, फौरन घर आ जाओ, ये लोग हमें मार डालेंगे।
गांव पसगवां निवासी तौसीफ उर्फ अनस की 25 वर्षीय पत्नी नाजरीन मंगलवार सुबह कमरे में फंदे से लटकी मिली। नाजरीन की सांसें चलती देख परिजनों ने उसे नीचे उतारा। इसके बाद नाजरीन को लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे। वहां डाॅक्टर ने नाजरीन को मृत घोषित कर दिया। हरदोई जिले के थाना शाहबाद क्षेत्र के मोहल्ला खलील निवासी कामरान ने थाना प्रभारी उमेश कुमार मिश्र को बताया कि उसने अपनी बहन नाजरीन की शादी डेढ़ वर्ष पहले की थी।
शादी में अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया था, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग खुश नहीं थे। कार व नकदी की मांग कर रहे थे। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर बहनोई अनस, उसके घरवालों ने मिलकर बहन को मारकर लटका दिया। बहन की एक छह माह की बेटी है। वहीं, मां ने बताया कि जब बेटी की ससुराल पहुंची तो सभी लोग कमरे से भागने लगे। बेटी को अस्पताल ले गए। जहां डाॅक्टर ने बेटी को मृत घोषित कर दिया। बताया कि बेटी का पति आए दिन रुपयों की मांग करता था। कई बार रुपया देकर उसका मुंह बंद किया। एसओ उमेश कुमार मिश्रा ने बताया किपति समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।