शाहजहांपुर के रोजा थाना क्षेत्र में लखनऊ हाईवे पर मंगलवार को दोपहर दर्दनाक हादसा हुआ। जमुका गांव के पास कंटेनर से कुचलकर एक महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कंटेनर छोड़कर भाग गया।
शाहजहांपुर में लखनऊ हाईवे पर कंटेनर ने रोजा थाना क्षेत्र के गांव चौरा तालुका अजीजपुर निवासी राजकुमारी (50 वर्ष) को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कंटेनर छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लिया है।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक मंगलवार को दोपहर साढ़े 12 बजे के करीब रामकुमारी अपने पुत्र पवन के साथ जमुका स्थित एक डॉक्टर से दवा लेने जा रही थी। जमुका पहुंचते ही पीछे से आए कंटेनर से बाइक को पीछे से टक्कर लग गई। बाइक से उछलकर रामकुमारी सड़क पर गिर गई, कंटेनर का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया।
हादसे के बाद लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिलने के बाद रोजा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पवन को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।