शाहजहांपुर में वेदवती की मौत के बाद जानकारी देती महिला। स्रोत: वीडियो ग्रेब
शाहजहांपुर। चौक कोतवाली के मोहल्ला अजीजगंज में स्थित एक अस्पताल में भर्ती मदनापुर थाने के गांव फादिलपुर निवासी वेदवती (30) और गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई। परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को शांत कराया।
गांव निवासी शेर सिंह ने पत्नी वेदवती को प्रसव पीड़ा पर शहर के अजीजगंज स्थित अस्पताल में भर्ती कराया था। चिकित्सकों ने ऑपरेशन होना बताया। आरोप है कि इंजेक्शन लगाने के बाद वेदवती की हालत बिगड़ गई। तब चिकित्सकों ने दूसरे अस्पताल से ले जाने के लिए कह दिया। कुछ ही देर में महिला और गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई।
गुस्साए परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पर चौक कोतवाली प्रभारी प्रदीप राय पुलिस बल के साथ मौके पर आ गए। उन्होंने समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया।
सीओ सिटी देवव्रत बाजपेयी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
-
मरीज को शनिवार दोपहर करीब 12:30 पर अस्पताल में लाया गया था। हालत बेहद गंभीर थी। हालत के संबंध में अवगत कराकर रेफर कर दिया गया था। इसके बावजूद भी परिजन लेकर नहीं गए। अस्पताल पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं।
-डॉ.एसके जैन, जैन अस्पताल शाहजहांपुर।