पुलिस गिरफ्त में पुत्रवधू और पौत्र को जहर देने की आरोपी मुकीमपुर की वनदेवी। स्रोत : पुलिस
पुवायां। दहेज उत्पीड़न, मारपीट और पुत्रवधू के साथ ही पौत्र को जहरीला पदार्थ खिलाने की आरोपी सास गांव मुकीमपुर के श्रीचंद की पत्नी वनदेवी को पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान कर दिया है।
गांव कुंवरपुर जप्ती के अमन मिश्रा ने 25 अप्रैल को दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया था कि उन्होंने अपनी बहन अर्चना देवी की शादी मुकीमपुर के विशाल अवस्थी से की थी। विशाल अवस्थी, विशाल की मां वन देवी, खुटार निवासी मौसी रोहिणी और मौसा देवेश कुमार दहेज की मांग को लेकर बहन को प्रताड़ित करते थे।
दहेज की मांग पूरी न होने पर आरोपियों ने अर्चना के साथ ही अर्चना के आठ माह के पुत्र आयुष को जहरीला पदार्थ खिला दिया। आयुष की मौत हो गई थी और कई दिन तक चले इलाज के बाद अर्चना की जान बच सकी थी।
थाना प्रभारी आरके रावत ने बताया कि मामले में जांच की जा रही थी। अर्चना के कोर्ट में बयान कराए गए थे। शुक्रवार को वनदेवी को मोहम्मदी रोड फ्लाईओवर के पास गिरफ्तार कर लिया गया। थाने लाकर पूछताछ करने के बाद वनदेवी का चालान कर दिया गया। जांच के बाद अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।