एक लाख रुपये के जेवरों की खरीद पर केंद्र सरकार द्वारा पैन कार्ड अनिवार्य करने के विरोध में चौक सर्राफा एसोसिएशन कल शुक्रवार को कारोबार बंद रखने के फैसले पर अडिग है।
उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के नगर अध्यक्ष सचिन बाथम ने सर्राफा मार्केट बंदी को लिखित समर्थन देने के साथ इस मुद्दे पर केंद्र सरकार का विरोध करके चौक सर्राफा एसोसिएशन का मनोबल बढ़ा दिया है। हालांकि, जलालनगर सर्राफ एसोसिएशन से जुड़े आदर्श व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सर्राफ पंकज वर्मा ने बंदी के औचित्य पर यह कहकर सवाल खड़ा किया कि शुक्रवार को चौक मार्केट की बंदी का दिवस निर्धारित होने के कारण इस दिन वहां की सर्राफा मार्केट वैसे ही बंद रहती है। उन्होंने कहा कि उन्हें बाजार बंदी के लिए प्रांतीय नेतृत्व से कोई दिशा निर्देश नहीं मिला और न ही बंदी का आह्वान करने वालों ने कोई सहयोग मांगा जिसे देखते जलालनगर के सर्राफ शुक्रवार को अपने प्रतिष्ठान खुले रखेंगे।