निगोही। तीन साल पहले मोबाइल फोन के जरिये शुरू हुआ प्रेम, जाति की दीवार तोड़कर हुई शादी और फिर घरेलू विवाद में खूनी अंत। हत्यारोपी पति शिवम वर्मा ने पुलिस को बताया कि पत्नी उसका कहना नहीं मानती थी। अब उसके पास कोई और चारा नहीं रह गया था। ऐसे में माना जा रहा है कि वह पत्नी की हत्या के इरादे से ही उसे मायके से लेकर आया था।
निगोही थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव में मंगलवार को शिवम ने अपनी पत्नी रेशमा मौर्या की तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी। पत्नी की हत्या के बाद आरोपी हाथ में तमंचा लेकर काफी देर तक आंगन में खड़ा रहा। ग्रामीण तमंचा देखकर उसके पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके। सूचना पर पहुंचे दरोगा ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस पूछताछ में शिवम ने पत्नी की हत्या की वजह बताते हुए कहा कि वह उसका कहना नहीं मानती थी और हर बात उसके विपरीत करती थी। शिवम सुल्तानपुर में कंबाइन चलाता था। वह 40 दिन बाद सोमवार रात ही घर आया था। उसने मायके से आने के लिए पत्नी रेशमा को फोन कर कहा था। रेशमा नहीं आई तो सुबह वह पत्नी के पास पहुंच गया। पूर्वाह्न 11 बजे उसे लेकर घर आ गया। इसके बाद कमरे के अंदर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। शिवम ने तमंचे से गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण शिवम के घर पहुंचे तो कमरे में रेशमा खून से लथपथ पड़ी थी।
इसी दौरान पुलिस मौके पर पहुंच गई और शिवम को पकड़ लिया। रेशमा की मौत की खबर मिलते ही उसकी मां अर्चना, बहन प्रिया और भाई राजू का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वारदात के बाद आरोपी के परिवार के लोग घर छोड़कर भाग गए।
सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि मृतका के भाई राजू की तहरीर पर शिवम, उसके पिता शिशुपाल, मां मुन्नी देवी, भाई विपिन और बहन निशा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
12वीं की पढ़ाई जारी रखना चाहती थी रेशमा
रेशमा क्षेत्र के ब्रजलाल इंटर कॉलेज में कक्षा 12 की छात्रा थी। वह पढ़ाई जारी रखना चाहती थी और इस साल बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रही थी। भाई राजू का आरोप है कि पिछले साल शिवम ने उसे परीक्षा नहीं देने दी। उसने बताया कि शिवम उसकी बहन के साथ लगातार मारपीट करता था। शिवम के परिवार के लोग भी अंतरजातीय शादी से खुश नहीं थे। रेशमा की पढ़ाई पूरी करने की इच्छा भी विवाद का कारण बनती थी।
चार महीने पहले थाने में हुआ था समझौता
शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था। करीब चार महीने पहले मामला थाने पहुंचा था। पंचायत के बाद दोनों के बीच समझौता कराया गया था, लेकिन इसके बाद भी विवाद और प्रताड़ना नहीं रुकी। तंग आकर रेशमा करीब 20 दिन पहले मायके चली गई थी। मंगलवार को शिवम उसे मनाकर वापस घर लाया था। विदाई के कुछ घंटे बाद ही दोनों के बीच विवाद हुआ और रेशमा की गोली मारकर हत्या कर दी गई।