शाहजहांपुर के खुटार क्षेत्र का रहने वाला शादीशुदा युवक दूसरी महिला को अपने गांव ले आया। सूचना पर मायके से घर पहुंची पहली पत्नी ने हंगामा कर दिया। गांव के तमाम लोग भी युवक की पहली पत्नी के पक्ष में आ गए। बाद में पंचायत में युवक की जमीन उसकी पहली पत्नी और पुत्री के नाम करने पर फैसला हुआ। युवक जिस विवाहिता को लाया है, उसके साथ रहेगा।
खुटार क्षेत्र के गांव हरनाई निवासी युवक लगभग एक वर्ष पूर्व उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर में एक प्राइवेट कंपनी में मजदूरी करने गया था। पीलीभीत के थाना सुनगढ़ी के एक गांव की विवाहिता महिला भी वहां काम करती थी। सात माह पूर्व युवक का विवाहिता से प्रेम प्रसंग शुरू हो गया।
गांव में एक व्यक्ति के घर में रुका था युवक
शुक्रवार को युवक अपनी प्रेमिका और उसके तीन वर्षीय बच्चे को लेकर अपने गांव आ गया। गांव में एक व्यक्ति के घर रुका। इस बीच किसी ने युवक की पत्नी को सूचना दे दी। जानकारी पाकर युवक की पत्नी मौके पर पहुंची और हंगामा शुरू कर दिया। गांव के तमाम लोग भी मौके पर आ गए। फैसला कराने का प्रयास किया लेकिन बात नहीं बन सकी।