फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कहीं जानवर बंधे मिले तो कहीं सूख रहे थे गेहूं

Sun, 02 Jul 2017 01:05 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, शाहजहांपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
सरकार की तमाम कोशिशों के बावजूद परिषदीय स्कूलों का हाल सुधरता नजर नहीं आ रहा है। शनिवार को नए शिक्षण सत्र के पहले दिन कटरी क्षेत्र के कई स्कूलों में ताले लटके मिले। कहीं पशु बंधे थे तो कहीं गेहूं सूख रहे थे। हैरत की बात तो यह है कि दोपहर 12 बजे खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) के कार्यालय में भी ताला लटका मिला। खुले स्कूलों में भी शिक्षकों और छात्रों की संख्या बेहद कम थी। पेश है स्कूलों की लाइव रिपोर्ट-
विज्ञापन

सुबह 8:15 बजे 
प्राथमिक स्कूल बलदेवपुर में इंचार्ज प्रधानाध्यापक मनोज कुमार स्कूल परिसर में सफाई करवा रहे थे, जबकि सहायक अध्यापक सचिन कुमार अनुपस्थित थे। विद्यालय में 75 पंजीकृत छात्रों में से सिर्फ आठ ही उपस्थित थे। एमडीएम की भी कोई व्यवस्था नहीं थी।

सुबह 8:24 बजे
उच्च प्राथमिक स्कूल पिहुआ में ताला लटका था। स्कूल परिसर में ट्रैक्टर खड़ा था और पशु बंधे थे। इंचार्ज प्रधानाध्यापक रामरहीश 8:30 बजे स्कूल में दाखिल हुए। कहा, पहला दिन है इसलिए आने में देर हो गई है।
विज्ञापन


सुबह 8:35 बजे
प्राथमिक स्कूल पिहुआ में सहायक अध्यापक राजीव कुमार और राहुल कुमार रसोइयों से सफाई करवा रहे थे, जबकि सहायक अध्यापक अमर बहादुर अनुपस्थित थे। स्कूल में 104 पंजीकृत छात्रों में से एक भी उपस्थित नहीं था।

समय-8:55 बजे 
प्राथमिक स्कूल दरियायगंज के इंचार्ज प्रधानाध्यापक राजकुमार कुल पंजीकृत 50 छात्रों में से उपस्थित 27 छात्रों को पढ़ाते मिले, जबकि सहायक अध्यापक अनुपस्थित थे। 

समय-9:15 बजे
प्राथमिक स्कूल शेरगंज में सहायक अध्यापक सर्वेश मिश्र, पवन गुप्ता और प्रदीप कुमार उपस्थित थे, जबकि प्रधानाध्यापक शैलेंद्र सक्सेना 9:30 बजे स्कूल में दाखिल हुए। स्कूल में 95 पंजीकृत छात्रों में से 28 उपस्थित थे।

समय-9:40 बजे
प्राथमिक स्कूल बुढौरा में सहायक अध्यापक अश्वनी कुमार, सत्येंद्र कुमार और ज्ञानसिंह उपस्थित थे, जबकि इंचार्ज प्रधानाध्यापक बहीदुल हक गैरहाजिर थे। यहां 120 पंजीकृत छात्रों में से मात्र नौ उपस्थित थे।

समय-10:05 बजे 
प्राथमिक स्कूल भरतपुर में इंचार्ज प्रधानाध्यापक जगदीश कुमार, सहायक अध्यापक अश्वनी कुमार अनुपस्थित थे। सहायक शिक्षक अनिल कुमार और विजय सिंह पंजीकृत 151 छात्रों में से उपस्थित 50 छात्रों को पढ़ा रहे थे।

समय-10:20 बजे
प्राथमिक स्कूल कटैला नगला बंद था। स्कूल के रैंप पर गेहूं सूख रहे थे। जानकारी करने पर गांव के ही शिक्षक रमाकांत दौड़ते हुए स्कूल आए और कहा कि पहला दिन है, इसलिए बच्चे नहीं आए हैं।

मेरा तबादला हो गया है। बस आज तक ही मेरे पास चार्ज पर हैं। अब जो अगला बीईओ आएगा वह देखेगा।
- रामकिशोर, खंड शिक्षा अधिकारी, मिर्जापुर

बीईओ का ट्रांसफर हो गया है। इस कारण कार्यालय बंद रहा होगा। जिन स्कूलों में टीचर नहीं पहुंचे या जो बंद मिले हैं, उनकी जांच कराकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। स्कूल न खुलना गंभीर मामला है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 
विज्ञापन

- देवेंद्र पांडे जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें