जीएसटी लागू होने के बाद शनिवार को वाणिज्य कर विभाग में जश्न का माहौल रहा। विभाग ने पहला दिन जीएसटी दिवस के तौर पर मानते हुए खिरनीबाग स्थित कार्यालय को बिजली की झालरों से सजाया। इस बीच, टाउनहाल स्थित विभाग के सचल दल कार्यालय में आयोजित कार्यशाला में अधिकारियों ने वस्तु एवं सेवा कर की खूबियां बताईं और प्रशभनोत्तरी के माध्यम से जीएसटी संबंधी ज्ञान परखा। इसमें वाणिज्य कर अधिकारी राकेश कंचन अव्वल रहे।
कार्यशाला में वाणिज्य कर विभाग समेत सेंट्रल एक्साइज एंड सर्विस टैक्स, मनोरंजन कर विभाग के अधिकारी और कर्मचारी, टैक्स बार से जुड़े अधिवक्ता, चार्टर्ड एकाउंटेंट, उद्यमी, व्यापारी, प्रबुद्ध जन आदि मौजूद रहे। इस मौके पर विशेष थीम सांग के साथ जीएसटी के संबंध में की गई तैयारियों का वीडियो प्रदर्शित कर जागरूकता सामग्री का वितरण किया गया।
वाणिज्य कर विभाग के संयुक्त आयुक्त राम कुबेर की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में विभागीय उपायुक्त/नोडल अफसर अमित मोहन, रमेश कुमार वैस आदि अधिकारियों ने कहा कि कर सुधार की दिशा में जीएसटी मील का पत्थर बनेगा। उन्होंने कहा कि जीएसटी को लेकर बदलाव के दौर में संभावित परेशानियों को लेकर सरकार पूरी तरह से सजग है। इसलिए व्यापारी अथवा करदाता सभी आशंकाओं से मुक्त होकर नई व्यवस्था के प्रति अपना विश्वास कायम रखें।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने जीएसटी आधारित क्विज कंपटीशन कराया। इसमें अधिवक्ता पंकज मिश्र व मुकेश श्रीवास्तव संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे जबकि कृभको फर्टिलाइजर्स के प्रतिनिधि प्रमोद गुप्ता, वाणिज्य कर विभाग के वरिष्ठ सहायक भैया लाल और अधिवक्ता मोहन मेहरोत्रा ने तृतीय स्थान हासिल किया। नोडल अफसर अमित मोहन ने सभी का आभार व्यक्त किया।